पश्चिम एशिया संकट पर भारत अलर्ट: पीएम मोदी की अध्यक्षता में CCS की आपात बैठक.
पश्चिम एशिया संकट पर भारत अलर्ट: पीएम मोदी की अध्यक्षता में CCS की आपात बैठक
ईरान में अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद भारत सरकार ने रविवार देर शाम कैबिनेट सुरक्षा समिति (CCS) की अहम बैठक बुलाई। इस बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की।
बैठक में पश्चिम एशिया में तेजी से बदलते हालात की गहन समीक्षा की गई। समिति ने विशेष रूप से क्षेत्र में रह रही बड़ी भारतीय प्रवासी आबादी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और मौजूदा संकट के संभावित प्रभावों पर चर्चा की।
CCS की बैठक में भारतीय यात्रियों को हो रही परेशानियों, परीक्षा देने गए छात्रों की दिक्कतों, साथ ही क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक और वाणिज्यिक गतिविधियों पर पड़ने वाले असर का भी विस्तार से जायजा लिया गया।
समिति ने सभी संबंधित मंत्रालयों और विभागों को निर्देश दिया कि वे प्रभावित भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए हर आवश्यक और संभव कदम तुरंत उठाएं। खास तौर पर छात्रों और फंसे हुए यात्रियों की समस्याओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान इस बात पर भी सहमति बनी कि मौजूदा संघर्ष को जल्द से जल्द रोकना, और क्षेत्र में संवाद व कूटनीति की प्रक्रिया को दोबारा शुरू करना बेहद जरूरी है। भारत ने एक बार फिर शांति और स्थिरता के पक्ष में अपनी स्पष्ट भूमिका दोहराई है।