कंबोडिया और थाईलैंड ने युद्धविराम पर ट्रंप के प्रस्ताव का स्वागत किया, लेकिन सीमा पर संघर्ष जारी.
कंबोडिया और थाईलैंड ने युद्धविराम पर ट्रंप के प्रस्ताव का स्वागत किया, लेकिन सीमा पर संघर्ष जारी
कंबोडिया ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रस्तावित युद्धविराम का स्वागत किया है। कंबोडियाई प्रधानमंत्री हुन माने ने घोषणा की कि उनके विदेश मंत्री, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे।

वहीं, थाईलैंड ने भी युद्धविराम पर विचार करने की सहमति जताई है, लेकिन उसने पहले आपसी बातचीत को आवश्यक बताया है।
इससे पहले, राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए दावा किया था कि उन्होंने कंबोडिया और थाईलैंड के नेताओं से बातचीत की है और दोनों देश युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं।
दोनों देशों ने ट्रंप के इस प्रयास की सराहना की है और उनका आभार व्यक्त किया है। हालांकि, ट्रंप के इस दावे के बावजूद दोनों देशों की सीमाओं पर रात भर गोलीबारी जारी रही।
गौरतलब है कि कंबोडिया और थाईलैंड के बीच लंबे समय से सीमा विवाद चल रहा है, जो इस सप्ताह हिंसक संघर्ष में बदल गया। तीन दिनों तक चले इस संघर्ष में अब तक 30 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।