ईरान–इजराइल तनाव के बीच भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर विदेश मंत्रालय सतर्क, तेहरान दूतावास सक्रिय.
ईरान–इजराइल तनाव के बीच भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर विदेश मंत्रालय सतर्क, तेहरान दूतावास सक्रिय
ईरान–इजराइल संघर्ष के बीच भारत के विदेश मंत्रालय ने ईरान में रह रहे भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर बयान जारी किया है।
बयान के अनुसार, तेहरान स्थित भारतीय दूतावास हालात पर लगातार नज़र रखे हुए है और वहां मौजूद भारतीय छात्र-छात्राओं से संपर्क में है ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
विदेश मंत्रालय ने कहा, "तेहरान में भारतीय दूतावास लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और ईरान में रह रहे भारतीय स्टूडेंट्स के साथ लगातार संपर्क में है।"
बयान में यह भी बताया गया कि, "कुछ छात्रों को दूतावास की मदद से ईरान के सुरक्षित क्षेत्रों में भेजा गया है और अन्य विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है। जैसे ही कोई नई जानकारी उपलब्ध होगी, उसे साझा किया जाएगा।"
इसके साथ ही मंत्रालय ने यह जानकारी भी दी कि भारतीय दूतावास ईरान में रह रहे भारतीय समुदाय के नेताओं से भी संपर्क में है, ताकि सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित की जा सके।