उस्मानपुर में क्राइम ब्रांच और बदमाशों के बीच मुठभेड़, मेरठ के असद गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार.
उस्मानपुर में क्राइम ब्रांच और बदमाशों के बीच मुठभेड़, मेरठ के असद गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की शकरपुर टीम और अपराधियों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने घेराबंदी कर मेरठ के असद गिरोह से जुड़े तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को इनपुट मिला था कि मेरठ का कुख्यात असद गिरोह उस्मानपुर क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने इलाके में जाल बिछाया। जैसे ही तीन संदिग्ध बाइक पर आते दिखे, पुलिस ने उन्हें रुकने और सरेंडर करने को कहा।
खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीनों आरोपियों को पैर में गोली मारकर काबू कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक गोली एसआई को छूकर निकल गई, हालांकि वह सुरक्षित हैं।
घायल तीनों आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, इनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और गिरोह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था।