भारत मंडपम में एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का भव्य समापन: 88 देशों ने किया डिक्लेरेशन पर हस्ताक्षर.
भारत मंडपम में एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का भव्य समापन: 88 देशों ने किया डिक्लेरेशन पर हस्ताक्षर
राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस वैश्विक सम्मेलन में 88 देशों और कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने साझा घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर किए, जिससे मानव-केंद्रित कृत्रिम बुद्धिमत्ता की दिशा में वैश्विक सहमति बनी।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि पूरी दुनिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मानव-केंद्रित एआई सोच को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि यह घोषणा-पत्र ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ के सिद्धांत से प्रेरित है, ताकि एआई संसाधन विश्व के हर व्यक्ति तक समान रूप से पहुंच सकें।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक कार्यक्रम में कहा कि यह सप्ताह भारत के लिए ऐतिहासिक रहा। उन्होंने बताया कि ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट में अनेक देशों के राष्ट्राध्यक्ष और प्रौद्योगिकी जगत के प्रमुख विशेषज्ञ दिल्ली में एकत्र हुए। इस मंच पर दुनिया ने भारत की एआई क्षमता, दूरदर्शिता और नेतृत्व को देखा, समझा और सराहा।
हालांकि यह समिट उपलब्धियों के साथ-साथ विवादों के कारण भी चर्चा में रहा। कार्यक्रम स्थल पर भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके अलावा एक निजी विश्वविद्यालय के रोबोट को लेकर किए गए दावों पर भी बहस छिड़ गई, जिससे सम्मेलन सुर्खियों में बना रहा।
एआई इम्पैक्ट समिट 2026 ने भारत को वैश्विक तकनीकी मंच पर एक प्रमुख शक्ति के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।