सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार में दिख रही तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी दोनों उछले.
मुंबई। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार 24 नवंबर को शेयर बाजार में तेजी नजर आ रही है। बाजार खुलते ही बीएसई सेंसेक्स 195.05 अंक की उछाल के साथ 85,426.97 के लेवल पर कारोबार करता दिखा। दूसरी तरफ एनएसई निफ्टी भी 43.20 अंक की बढ़त के साथ 26,111.35 के लेवल पर कारोबार कर रहा था।
सोमवार के शुरुआती सत्र के दौरान निफ्टी पर टेक महिंद्रा, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, टीसीएस, डॉ रेड्डीज लैब्स, आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में तेजी दिखी, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज, SBI लाइफ इंश्योरेंस, ट्रेंट, अपोलो हॉस्पिटल्स, सिप्ला के शेयर गिरावट में थे। आईटी, पीएसयू बैंक इंडेक्स 0.5-1 प्रतिशत ऊपर रहे। सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा, इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचडीएफसी बैंक और मारुति के शेयर फायदे में नजर आए। दूसरी तरफ भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, इटरनल, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयर नुकसान में दिख रहे थे। उल्लेखनीय है कि 21 नवंबर को शेयर मार्केट में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 400.76 अंक या 0.47 प्रतिशत की गिरावट के साथ 85,231.92 अंक तो वहीं, एनएसई निफ्टी 50 124.00 अंक या 0.47 फीसदी फिसलकर 26,068.15 के लेवल पर बंद हुआ था।