सनी देओल की बॉर्डर 2 सेंसर बोर्ड से बिना कट पास, 23 जनवरी को सिनेमाघरों में हो रही है रिलीज.
मुंबई। सनी देओल की फिल्म बॉर्डर 2 को सेंसर बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। इस फिल्म में कोई कट भी नहीं लगा है। यह फिल्म 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। सेंसर बोर्ड से इसे U/A सर्टिफिकेट दिया है। बॉर्डर 2 का रनटाइम 3.16 घंटे का है।
फिल्म अभी सिनेमाघरों में रिलीज नहीं हुई है, लेकिन इसने एडवांस बुकिंग में ही अच्छी कमाई कर ली है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, 'बॉर्डर 2' ने पहले दिन की एडवांस बुकिंग से अब तक बिना ब्लॉक सीटों के 3.48 करोड़ रुपये कमा लिए हैं जबकि ब्लॉक सीटों के साथ इसकी प्री टिकट सेल की कमाई 6.73 करोड़ हो चुकी है। इसमें 9 हजार 309 शो में 108441 टिकट बिके हैं।
अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित इस फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म में मोना सिंह, मेधा राणा, सोनम बाजवा और अन्या सिंह भी अहम किरदार निभाती नजर आएंगीं। बता दें कि फिल्म में सनी देओल 6 सिख रेजिमेंट के भारतीय सेना अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल फतेह सिंह कलेर की भूमिका निभा रहे हैं। इस फिल्म के पांच गाने अब तक रिलीज हो चुके हैं जो पहले ही दर्शकों के दिलों में जगह बना चुके हैं।