हिजाब विवाद के बाद बिहार के सीएम नीतीश कुमार की सुरक्षा बढ़ी, खुफिया एजेंसियों ने किया अलर्ट .
पटना। हिजाब विवाद के बाद बिहार के सीएम नीतीश कुमार की सुरक्षा को लेकर खुफिया एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है। इसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नीतीश कुमार को जगह-जगह से धमकियां मिल रही हैं। पाकिस्तान के एक डॉन शहजाद भट्टी ने भी सोशल मीडिया पर नीतीश कुमार को धमकी दी है।
खुफिया एजेंसियों से मिले ताजा इनपुट और सोशल मीडिया पर लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए सरकार ने सीएम की सुरक्षा को सर्वोच्च स्तर पर ले जाने का निर्णय लिया है। डीजीपी और एडीजी (एसएसजी) ने सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की है। इसमें कहा गया है कि असामाजिक और आपराधिक तत्व हिजाब प्रकरण का फायदा उठाकर मुख्यमंत्री को नुकसान पहुंचाने की साजिश रच सकते हैं। इसके मद्देनजर, पटना से लेकर जिलों तक सुरक्षा का नया प्रोटोकॉल लागू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा समूह (एसएसजी) को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अब सीएम के करीब केवल कुछ चुनिंदा और हाई-प्रोफाइल लोगों को ही जाने की अनुमति होगी। आम जनता या अज्ञात लोगों के साथ मुख्यमंत्री की निकटता को पूरी तरह नियंत्रित कर दिया गया है ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके। मुख्यमंत्री के दौरों और सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सादी वर्दी में भी सुरक्षाकर्मियों को तैनात रहने को कहा गया है ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
सोशल मीडिया पर लगातार आ रही हैं धमकियां
हिजाब विवाद के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर मुख्यमंत्री के खिलाफ आ रहे आपत्तिजनक संदेशों और धमकियों की साइबर सेल द्वारा जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन को साफ आदेश है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री के आवास और उनके काफिले की सुरक्षा व्यवस्था को नए सिरे से पुख्ता किया गया है। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने हाल ही में एक वीडियो शेयर किया था। इसमें नीतीश कुमार को लेकर उसने कहा था कि बिहार में जो हुआ, वह सबने देखा। एक बड़े पद पर बैठा व्यक्ति एक मुस्लिम महिला के साथ इस तरह का व्यवहार करता है। उसके पास अभी भी वक्त है कि उस बच्ची और महिला से माफी मांग ले, अगर माफी नहीं मांगी गई, तो फिर ये मत कहना कि चेतावनी नहीं दी थी।