अमेरिकी सैन्य कार्रवाई पर वेनेजुएला का बड़ा दावा: 56 की मौत, हमले को बताया ‘युद्ध अपराध.
अमेरिकी सैन्य कार्रवाई पर वेनेजुएला का बड़ा दावा: 56 की मौत, हमले को बताया ‘युद्ध अपराध’
वेनेजुएला की सेना ने दावा किया है कि शनिवार को हुए अमेरिकी सैन्य ऑपरेशन में कम से कम 24 वेनेजुएला सुरक्षा अधिकारियों की मौत हो गई। इसके साथ ही इस हमले में मरने वालों की आधिकारिक संख्या बढ़कर करीब 56 हो गई है, जिनमें आम नागरिक और सैन्यकर्मी दोनों शामिल हैं।
वेनेजुएला के अटॉर्नी जनरल तारेक विलियम साब ने कहा कि इस अमेरिकी अभियान में दर्जनों अधिकारी और नागरिक मारे गए हैं और अभियोजक इन मौतों की जांच करेंगे। साब ने इस कार्रवाई को सीधा युद्ध अपराध करार दिया है।
इससे पहले क्यूबा की सरकार ने रविवार को घोषणा की थी कि अमेरिकी अभियान में वेनेजुएला में काम कर रहे उसके 32 सैनिक और पुलिस अधिकारी मारे गए हैं। क्यूबा के अनुसार, ये सभी जवान वेनेजुएला में विभिन्न जिम्मेदारियों पर तैनात थे।
वहीं, वेनेजुएला की सेना ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें अमेरिकी हमले में मारे गए सैनिकों की तस्वीरें दिखाई गई हैं। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तनाव और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता और बढ़ गई है।