अमेरिका ने रूस को दी सख्त प्रतिबंधों की चेतावनी.
अमेरिका ने रूस को दी सख्त प्रतिबंधों की चेतावनी
अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने यूक्रेन पर बढ़ते रूसी हमलों को "घिनौना" करार देते हुए रूस पर और कड़े प्रतिबंध लगाने की चेतावनी दी है।

पुतिन पर वादाखिलाफी का आरोप
बेसेंट ने कहा कि अमेरिका अब सभी संभावित विकल्पों पर विचार कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका और सहयोगी देशों से किए गए वादों को तोड़ दिया है और हमलों को और तेज कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बेसेंट ने कहा मुझे लगता है कि अब सब कुछ मेज पर है। एंकोरेज की ऐतिहासिक बैठक और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ फोन पर बातचीत के बाद पुतिन ने जो वादे किए थे, उसके बिल्कुल विपरीत काम किया है। उन्होंने बेहद घिनौने तरीके से बमबारी अभियान और तेज कर दिया है।”
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के साथ मिलकर अमेरिका इस हफ्ते सभी संभावित कदमों पर गंभीरता से विचार करेगा।
यूक्रेन पर बढ़ते रूसी हमले
यह बयान ऐसे समय आया है जब रूस ने हाल ही में यूक्रेनी शहरों पर हवाई हमले और तेज कर दिए हैं, जिनमें कीव पर हमला भी शामिल है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के मुताबिक, पिछले हफ्ते रूस ने दो बड़े हमले किए। उन्होंने बताया कि कीव के डार्नित्स्की जिले में एक आवासीय इमारत पर रूसी बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया गया, जिसमें 22 लोगों की मौत हो गई, जिनमें चार बच्चे भी शामिल थे।
जेलेंस्की ने एक्स पर लिखा इस खौफनाक हमले में सबसे छोटा बच्चा तीन साल का भी नहीं था। मैं सभी पीड़ित परिवारों और उनके प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।