पेंसिल्वेनिया में नर्सिंग होम में भीषण धमाका, दो की मौत, कई घायल.
पेंसिल्वेनिया में नर्सिंग होम में भीषण धमाका, दो की मौत, कई घायल
अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य में एक नर्सिंग होम में हुए जोरदार धमाके से बड़ा हादसा हो गया। धमाके के कारण इमारत का एक हिस्सा गिर गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए हैं।
मंगलवार को स्थानीय समय के अनुसार दोपहर करीब दो बजे सिल्वर लेक नर्सिंग होम से गैस की बदबू आने की सूचना मिलने पर इमरजेंसी टीम को बुलाया गया था। अधिकारियों के मुताबिक, जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, उसी दौरान इमारत में धमाका हो गया, जिसके बाद वहां भीषण आग लग गई।
हादसे के बाद पांच लोगों के लापता होने की सूचना है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि वे लोग धमाके के वक्त इमारत के अंदर मौजूद थे या नहीं। बाकी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
पेंसिल्वेनिया के गवर्नर जोश शापिरो ने बताया कि घायलों की सटीक संख्या अभी सामने नहीं आई है और धमाके के कारणों की गहन जांच की जा रही है।