सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद ट्रंप का बड़ा निर्णय: वैश्विक टैरिफ़ 10% से बढ़ाकर 15%.
सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद ट्रंप का बड़ा निर्णय: वैश्विक टैरिफ़ 10% से बढ़ाकर 15%
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वैश्विक टैरिफ को 10 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी करने की घोषणा की है। यह कदम उस समय उठाया गया है जब अमेरिका के सर्वोच्च न्यायालय ने हाल ही में टैरिफ को रद्द करने का फैसला सुनाया था।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए न्यायालय के फैसले को “बेकार और बेहद अमेरिका विरोधी” बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में अपने अधिकारों का उपयोग करते हुए वह 10 फीसदी के विश्वव्यापी टैरिफ को बढ़ाकर 15 फीसदी कर रहे हैं।
अपने बयान में ट्रंप ने कहा कि कई देश वर्षों से अमेरिका को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे थे और पहले इसका कोई ठोस जवाब नहीं दिया गया। उन्होंने दावा किया कि अब उनका प्रशासन पूरी तरह कानूनी और सशक्त टैरिफ नीति लागू करेगा। आने वाले महीनों में नई और वैधानिक टैरिफ व्यवस्था घोषित की जाएगी, जिससे ‘अमेरिका को फिर से महान बनाने’ का अभियान और तेज होगा।
गौरतलब है कि संयुक्त राज्य अमेरिका का सर्वोच्च न्यायालय ने 6-3 के बहुमत से वैश्विक टैरिफ़ को रद्द कर दिया था। अदालत ने अपने निर्णय में कहा कि ट्रंप ने राष्ट्रीय आपातकाल से जुड़े कानून का सहारा लेकर अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर कदम उठाया।
ट्रंप के इस नए ऐलान से अमेरिका की व्यापार नीति और अंतरराष्ट्रीय बाजार में हलचल बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।