थाईलैंड-कंबोडिया सीमा विवाद: कंबोडिया ने तत्काल सीजफ़ायर की अपील की, 16 लोगों की मौत और हजारों विस्थापित.
थाईलैंड-कंबोडिया सीमा विवाद: कंबोडिया ने तत्काल सीजफ़ायर की अपील की, 16 लोगों की मौत और हजारों विस्थापित
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जारी सीमा संघर्ष ने गंभीर रूप ले लिया है। दो दिनों से चल रही झड़पों में अब तक कम से कम 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10,000 से अधिक लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं।

कंबोडिया ने संयुक्त राष्ट्र के जरिए एक कड़े संदेश में थाईलैंड से तत्काल युद्धविराम की मांग की है। संयुक्त राष्ट्र में कंबोडिया के राजदूत छिया केओ ने कहा कि उनका देश 'बिना किसी शर्त' के संघर्ष को समाप्त करने की अपील करता है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि कंबोडिया इस विवाद का शांतिपूर्ण समाधान चाहता है।

हालांकि, थाईलैंड ने अभी तक कंबोडिया की इस अपील पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। उलटे, थाई सरकार ने कंबोडिया की सीमा से सटे आठ ज़िलों में मार्शल लॉ लागू कर दिया है।
गुरुवार से शुरू हुई इस सैन्य झड़प में दोनों देश एक-दूसरे पर पहले गोली चलाने का आरोप लगा रहे हैं, जिससे तनाव और गहराता जा रहा है।
स्थिति पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की निगाहें टिकी हैं, क्योंकि इस संघर्ष के और अधिक भड़कने की आशंका जताई जा रही है।