राष्ट्रपति मैक्रों ने पत्नी के साथ विवाद की अटकलों को खारिज किया, वायरल वीडियो को बताया मजाक.
राष्ट्रपति मैक्रों ने पत्नी के साथ विवाद की अटकलों को खारिज किया, वायरल वीडियो को बताया मजाक
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पत्नी ब्रिजिट मैक्रों के साथ किसी भी तरह के विवाद की अटकलों को सिरे से खारिज किया है। हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वियतनाम पहुंचने के दौरान विमान से उतरने से पहले ब्रिजिट को मैक्रों के चेहरे को हल्के ढंग से पीछे धकेलते हुए देखा गया था। इस वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं।

वियतनाम दक्षिण पूर्व एशिया में मैक्रों के दौरे का पहला पड़ाव है, जहां वे फ्रांस को अमेरिका और चीन के विकल्प के रूप में पेश कर रहे हैं। यह लगभग एक दशक में किसी फ्रांसीसी राष्ट्रपति का इस क्षेत्र में पहला दौरा है।
घटना के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मैक्रों ने स्पष्ट किया कि वीडियो में जो हुआ, वह सिर्फ एक मजाक था। उन्होंने कहा, "मैं और मेरी पत्नी बहस नहीं कर रहे थे, बल्कि हल्का-फुल्का मजाक कर रहे थे। मुझे इस बात पर हैरानी हुई कि इसे इतनी गंभीरता से लिया गया।"
उन्होंने कहा कि यह एक निजी पल था जिसे कुछ लोगों ने जानबूझकर तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया। "कुछ लोग ऐसे पलों को गलत दिशा में ले जाते हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है," मैक्रों ने कहा। उन्होंने इन अफवाहों के लिए रूस और फ्रांस में सक्रिय कुछ चरमपंथी नेटवर्क को जिम्मेदार ठहराया।
राष्ट्रपति मैक्रों ने आगे कहा, "वीडियो में मैंने सिर्फ एक टिशू उठाया, किसी से हाथ मिलाया और अपनी पत्नी से मजाक किया — जैसा हम अक्सर करते हैं। इससे अधिक कुछ भी नहीं था।" उन्होंने इस मामले को बेवजह तूल दिए जाने और गलत सूचना फैलाने वालों को "पागल" करार दिया।