राजस्थान के बालोतरा में स्लीपर बस और ट्रेलर की भीषण टक्कर, छह की मौके पर मौत, कई यात्री गंभीर रूप से घायल.
बालोतरा। राजस्थान के बालोतरा जिले में शुक्रवार को एक स्लीपर बस की ट्रेलर से भीषण टक्कर हो गई। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। बस जोधपुर से सांचौर जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, हादसा सरवड़ी के पास तब हुआ जब स्लीपर बस ट्रेलर को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का ड्राइवर साइड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद कल्याणपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया और घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल पहुंचाया। बालोतरा जिला अस्पताल में शाम 5:15 बजे मृतकों के शव लाए गए और उनकी शिनाख्त की जा रही है। हाईवे पर हादसे के बाद दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं, जिन्हें पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुचारू किया गया। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। बताया जाता है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का ड्राइवर साइड का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कुछ शव बस में फंसे और लटके हुए नजर आए।