तुर्किये में देर रात भूकंप से दहशत, सात लोग घायल.
तुर्किये में देर रात भूकंप से दहशत, सात लोग घायल
तुर्किये के भूमध्यसागरीय तटीय शहर मारमारिस में सोमवार देर रात 5.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। आपदा और आपातकालीन प्रबंधन प्रेसीडेंसी (AFAD) के अनुसार, भूकंप का केंद्र भूमध्य सागर में था और यह रात 2:17 बजे महसूस किया गया।
घबराहट में घरों से बाहर निकलने की कोशिश के दौरान कम से कम सात लोग घायल हो गए। कुछ लोग खिड़कियों और बालकनियों से कूद गए, जिससे उन्हें चोटें आईं। हालांकि, किसी बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

भूकंप के झटके ग्रीक द्वीप रोड्स सहित कई पड़ोसी क्षेत्रों में भी महसूस किए गए। गौरतलब है कि तुर्किये एक भूकंपीय रूप से संवेदनशील क्षेत्र है और यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं। साल 2023 में आए 7.8 तीव्रता के भूकंप ने देश में 53,000 से अधिक लोगों की जान ले ली थी और 11 प्रांतों में हजारों इमारतों को नष्ट कर दिया था। इस त्रासदी में सीरिया के उत्तरी हिस्सों में भी 6,000 से अधिक लोगों की मौत हुई थी।