खाड़ी में युद्ध की आहट? ईरान के करीब पहुंचा अमेरिकी युद्धपोत USS अब्राहम लिंकन, तेहरान की कड़ी चेतावनी.
खाड़ी में युद्ध की आहट? ईरान के करीब पहुंचा अमेरिकी युद्धपोत USS अब्राहम लिंकन, तेहरान की कड़ी चेतावनी
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में अमेरिकी नौसेना का सबसे शक्तिशाली युद्धपोत, एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन, ईरान के करीब पहुंच चुका है। इस घटनाक्रम ने पश्चिम एशिया में हालात को और गंभीर बना दिया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान बातचीत में रुचि दिखा रहा है, तेहरान ने सख़्त लहजे में जवाब दिया। ईरान ने चेतावनी दी कि उसकी सेना की “उंगलियां ट्रिगर पर हैं” और किसी भी आक्रामक कदम का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
USS अब्राहम लिंकन के साथ एक पूरा कैरियर स्ट्राइक ग्रुप तैनात रहता है, जिसमें गाइडेड मिसाइल क्रूज़र, विध्वंसक जहाज़, पनडुब्बियां और अन्य युद्धपोत शामिल होते हैं। इसे दुनिया के सबसे घातक और विशाल जंगी बेड़ों में गिना जाता है। इस युद्धपोत पर अत्याधुनिक लड़ाकू विमान तैनात हैं, जो जल, थल और नभ—तीनों मोर्चों से दुश्मन पर सटीक और तीव्र हमला करने में सक्षम हैं।
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका के पास ऐसे उन्नत हथियार सिस्टम मौजूद हैं, जो ईरान के सैन्य ठिकानों और मिसाइल साइट्स को कुछ ही मिनटों में निशाना बना सकते हैं। इसी बीच अमेरिका द्वारा 52 नए बी-2 बॉम्बर तैयार किए जाने की ख़बरों ने भी युद्ध की आशंकाओं को और हवा दी है।
उधर, ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर ने वॉशिंगटन को चेतावनी देते हुए कहा है कि मौजूदा हालात में उनकी सेना पूरी तरह सतर्क है। बढ़ते तनाव को देखते हुए इज़रायल भी वॉर मोड में चला गया है, जिससे क्षेत्रीय संघर्ष की आशंका और गहरा गई है।