पाकिस्तान के मामले पर भारत को मिला रूस के राष्ट्रपति का साथ, पुतिन ने पीएम मोदी से फोन कर पूछा हाल, किया साथ देने का वादा.
नई दिल्ली। पहलगाम हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव जारी है। इस बीच सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की। पुतिन ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत का साथ देने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा करते हुए हमले में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
यह जानकारी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर पोस्ट कर दी। जायसवाल ने कहा कि बातचीत के दौरान रूसी राष्ट्रपति ने इस बात पर जोर दिया कि हमले के पीछे के लोगों और उनके समर्थकों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए। पुतिन का भारत को समर्थन जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के करीब दो हफ्ते बाद आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को विजय दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने इस साल के अंत में भारत में आयोजित होने वाले वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए पुतिन को आमंत्रित किया है। इससे पहले रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर एस जयशंकर से फोन पर बात की थी।