बांग्लादेश में ढाका-3 सीट से जीते हिंदू नेता गयेश्वर रॉय, जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार को हराया .
ढाका। बांग्लादेश में हिंदू विरोधी माहौल के बाद एक अच्छी खबर आई है। वहां हुए चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के वरिष्ठ हिन्दू नेता गयेश्वर चंद्र रॉय ने ढाका-3 संसदीय सीट अपने कब्जे में कर ली है। रॉय ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार मोहम्मद शाहिनुर इस्लाम को हरा दिया। यह जीत 1971 में स्वतंत्रता के बाद ढाका से चुने गए पहले हिंदू सांसद के रूप में दर्ज की गई है।
बताया जाता है कि गयेश्वर चंद्र रॉय लंबे समय से बीएनपी में सक्रिय हैं और अल्पसंख्यक अधिकारों के मुद्दों पर आवाज उठाते रहे हैं। बीएनपी ने उन्हें ढाका-3 संसदीय सीट से अपना उम्मीदवार बनाया था, जहां से उन्होंने पार्टी को जीत दिलाई है। इस सीट से जीतने वाले वह पहले हिंदू सांसद बन गए हैं। इससे हिंदू संगठनों में खुशी की लहर है। वहीं जमात-ए-इस्लामी ने अपना एकमात्र हिंदू उम्मीदवार कृष्ण नंदी को खुलना-1 (दाकोप-बोटियाघाटा) से उतारा था, लेकिन वे हार गए।
गयेश्वर का जन्म 1 नवंबर 1951 को ढाका जिले के केरानीगंज में एक बंगाली हिंदू परिवार में हुआ। पिता का नाम ज्ञानेंद्र चंद्र रॉय और माता का नाम सुमति रॉय था। उनके 2 बच्चे अमिताव रॉय और अपर्णा रॉय हैं। उनका परिवार बीएनपी से गहराई से जुड़ा है। उनके बेटे अमिताव की शादी बीएनपी नेता निताई रॉय चौधरी की बेटी निपुण रॉय चौधरी से हुई है। उन्होंने राजनीति में अपनी शुरुआत 1970 के दशक में जातीय समाजतांत्रिक दल से की, लेकिन 1978 में बीएनपी के युवा विंग जातीयताबादी जुबो दल में शामिल हो गए। 1987 से 2002 तक वे जुबो दल के महासचिव रहे। 1991 में बीएनपी की सरकार बनने पर वे राज्य मंत्री बनाये गए।