हमास ने फिर दोहराया – संप्रभु फिलिस्तीनी देश बनने तक हथियार नहीं डालेंगे.
हमास ने फिर दोहराया – संप्रभु फिलिस्तीनी देश बनने तक हथियार नहीं डालेंगे
हमास ने स्पष्ट किया है कि जब तक एक स्वतंत्र और संप्रभु फिलिस्तीनी राष्ट्र की स्थापना नहीं होती, वह अपने हथियार नहीं छोड़ेगा। यह बयान गाजा में चल रही सीजफ़ायर वार्ता के दौरान इसराइल की एक प्रमुख मांग के जवाब में आया है।

सशस्त्र फिलिस्तीनी संगठन हमास ने यह प्रतिक्रिया अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मध्य पूर्व दूत स्टीव विटकॉफ की उस टिप्पणी पर दी, जिसमें कहा गया था कि हमास ने हथियार डालने की 'इच्छा जताई' है।
हालांकि, इजराइल संघर्ष समाप्त करने और किसी भी संभावित समझौते के लिए हमास के हथियार छोड़ने को एक अनिवार्य शर्त मानता है।
गाजा में सीजफ़ायर और बंधकों की रिहाई को लेकर इजराइल और हमास के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत पिछले सप्ताह से रुकी हुई है।
इससे कुछ दिन पहले अरब देशों ने भी हमास से हथियार डालने और गाजा का नियंत्रण छोड़ने का आग्रह किया था।
इसी बीच फ़्रांस, कनाडा सहित कई पश्चिमी देशों ने फिलिस्तीन को एक स्वतंत्र देश के रूप में मान्यता देने की योजना का ऐलान किया है। ब्रिटेन ने भी संकेत दिया है कि यदि इजराइल सितंबर तक कुछ प्रमुख शर्तें नहीं मानता, तो वह भी फिलिस्तीन को मान्यता दे सकता है।