संयुक्त राष्ट्र में नेतन्याहू के भाषण पर हमास का हमला.
संयुक्त राष्ट्र में नेतन्याहू के भाषण पर हमास का हमला
संयुक्त राष्ट्र महासभा में इजराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के भाषण को हमास ने “गुमराह करने वाला” करार दिया। शुक्रवार को न्यूयॉर्क में हुए इस सत्र के दौरान नेतन्याहू जैसे ही मंच पर पहुंचे, कई देशों के प्रतिनिधि विरोध जताते हुए हॉल से बाहर निकल गए।

हमास का बयान
नेतन्याहू के भाषण के बाद हमास ने टेलीग्राम पर जारी बयान में कहा कि यह भाषण “झूठ की लंबी लिस्ट” से भरा हुआ था। बयान में कहा गया,
“झूठ सच्चाई को नहीं बदल सकता और दुनिया अब अच्छी तरह जानती है कि इजराइल गाजा में क्या कर रहा है। हम दुनिया भर से अपील करते हैं कि गाजा में हत्या और तबाही को रोका जाए और इजराइल को गाजा से हटने के लिए मजबूर किया जाए।”
हमास ने अन्य देशों से फिलिस्तीन को एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में मान्यता देने की भी अपील की।
नेतन्याहू का संबोधन
अपने भाषण में नेतन्याहू ने फिलिस्तीन को राष्ट्र का दर्जा देने को सरासर पागलपन बताया और कहा कि कई देशों द्वारा मान्यता देना शर्मनाक है। उन्होंने दावा किया कि इजराइल के लाउडस्पीकर गाजा में उनका भाषण प्रसारित कर रहे हैं। हमास को सीधे चेतावनी देते हुए नेतन्याहू ने कहा,आप हथियार डाल दें, हमें अंदर जाने दें और बंधकों को छुड़ाने दें, वरना हम आपको ढूंढ निकालेंगे और खत्म कर देंगे।
बंधक बनाए गए लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा,हम आपको नहीं भूले हैं—एक पल के लिए भी नहीं। इजराइल के लोग आपके साथ हैं।