दुबई में ईरान के हमले के बीच खाली कराया बुर्ज खलीफा, शादी में गए इंदौर के कई नेता, बिल्डर और सेठ फंसे.
इंदौर। अमेरिका और इजरायल के संयुक्त रूप से ईरान पर हमले का असर दुबई पर भी दिखा है। शनिवार को दुबई में भी जोरदार धमाकों की खबर मिली, जिसके चलते बुर्ज खलीफा को खाली कराया गया है। इसके अलावा रियाद में भी धमाकों की सूचना मिली। हमलों के बीच एक व्यक्ति की मौत होने की भी खबर मिली है। इस बीच दुबई से सारी फ्लाइटें कैंसिल कर दी गई हैं। इसके कारण एक शादी समारोह में दुबई गए इंदौर के कई नेता, बिल्डर औ धन्ना सेठ वहीं फंस गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुबई में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए इंदौर से कई लोग गए थे। इनमें पूर्व विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, सहारा ग्रुप के मनीष सहारा,अग्रवाल समूह के संजय अग्रवाल, सी-21 मॉल के पिंटू छाबड़ा, गोलू पाटनी सहित कई लोग शामिल हैं। बताया जाता है कि जब ये इंदौर आने के लिए दुबई एयरपोर्ट पहुंचे तो पता चला कि फ्लाइट कैंसिल हो गई है। इसके कारण इन्हें दुबई में ही रुकना पड़ा।
ईरान ने अबू धाबी और दुबई में दागी मिलाइलें
ईरान ने जिन देशों पर हमले किए हैं, उनमें संयुक्त अरब अमीरात का अबू धाबी और दुबई, कतर का दोहा और सऊदी अरब का रियाद शामिल है। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि अबू धाबी पर टारगेट ईरानी मिसाइलों को हवा में ही रोक लिया गया, लेकिन एक इंटरसेप्टेड मिसाइल के मलबे से अबू धाबी के एक आवासीय इलाके में गिरने से एक एशियाई मूल के नागरिक की मौत हो गई। बाद में दूसरी लहर के हमलों को भी सफलतापूर्वक रोका गया, जिसमें कोई और हताहत नहीं हुआ। यूएई के अबू धाबी और दुबई, कतर के दोहा और सऊदी अरब के रियाद में धमाकों की सूचना मिली है। दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास कई विस्फोटों की आवाज सुनी गई। इसके बाद हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें अगले आदेश तक निलंबित कर दी गई हैं। दुबई के पाम जुमेराह स्थित फेयरमोंट होटल पर मिसाइल से हमला किया गया।
दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा खाली कराया
दुबई में स्थित दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा को सुरक्षा कारणों से अचानक खाली करा दिया गया। यह कदम ईरान द्वारा खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी और इजरायली ठिकानों पर मिसाइल हमले करने के बाद उठाया गया, कई विस्फोटों की आवाजें दुबई में सुनाई दीं और शहर के कुछ हिस्सों में सायरन बजने लगे। इजरायली मीडिया के अनुसार, दुबई प्रशासन ने 828 मीटर ऊंची इस इमारत से पर्यटकों और स्टाफ को तुरंत बाहर निकाला।