अमेरिका का ऑपरेशन मिडनाइट हैमर, ईरान पर बरसाए बंकर बस्टर बम, 25 मिनट में 3 परमाणु ठिकाने तबाह.
नई दिल्ली। अमेरिका ने ऑपरेशन मिडनाइट हैमर के जरिए ईरान के तीन परमाणु ठिकाने फोर्डो, नतांज और इस्फाहान को निशाना बनाया है। अमेरिकी वायुसेना ने 25 मिनट में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया है। अमेरिका ने 7 B-2 बॉम्बर्स से ईरान पर 12 भारी बम गिराए। इस मिशन में अमेरिका के 125 के करीब फाइटर जेट भी शामिल थे।
अमेरिकी ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन ने बताया कि स्टील्थ B-2 बॉम्बर्स ने ईरान के फोर्डो और नतांज परमाणु ठिकानों पर 30000 पाउंड के बंकर बस्टर बम गिराए। इस्फाहान पर टोमाहॉक क्रूज मिसाइल से भी हमला किया गया। अमेरिका ने इस ऑपरेशन में 14 बंकर-बस्टर बम, 24 से अधिक टॉमहॉक मिसाइलों का इस्तेमाल किया।
जनरल डैन केन ने बताया कि B-2 स्टील्थ बॉम्बर्स ने मिजूरी स्थित एयरबेस से उड़ान भरी। यह पूरा ऑपरेशन 18 घंटे का था, जिसमें कम्युनिकेशन का इस्तेमाल बहुत कम किया गया था ताकि ईरान को हमारी कार्रवाई की भनक तक न लगे। इस ऑपरेशन को ईरान के परमाणु हथियारों के बुनियादी ढांचे को बुरी तरह से नष्ट करने के लिए डिजाइन किया गया था। यह बहुत की गोपनीय मिशन था और वाशिंगटन में बहुत कम लोगों को इसकी जानकारी थी।
25 मिनट में तीनों परमाणु ठिकाने तबाह
जनरल डैन केन ने बताया कि ईरान के परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमेरिकी बमबारी का उद्देश्य सत्ता परिवर्तन करना नहीं है। ईरानी सैनिकों या लोगों को निशाना नहीं बनाया गया। अमेरिका ने भारतीय समयानुसार रविवार (22 जून 2025) की सुबह 4:10 बजे ईरान पर हमले शुरू किए और 4:35 तक ईरानी हवाई क्षेत्र से बाहर निकल गए। अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने जो प्लानिंग की थी वो साहसिक और शानदार था. दुनिया ने अमेरिका की ताकत को देखा। जब राष्ट्रपति ट्रंप बोलते हैं तो दुनिया को सुननी चाहिए। धरती पर कोई दूसरा देश इस ऑपरेशन को अंजाम नहीं दे सकता था।