अमेरिका ने विदेशों में स्टूडेंट वीज़ा पर लगाई अस्थायी रोक, हार्वर्ड यूनिवर्सिटी को मिलने वाली फंडिंग पर भी संकट.
अमेरिका ने विदेशों में स्टूडेंट वीज़ा पर लगाई अस्थायी रोक, हार्वर्ड यूनिवर्सिटी को मिलने वाली फंडिंग पर भी संकट
अमेरिका ने विदेशों में स्थित अपने दूतावासों को नए स्टूडेंट वीज़ा आवेदनों पर अस्थायी रोक लगाने का आदेश दिया है। यह कदम उस समय सामने आया है जब सरकार अब वीज़ा आवेदकों के सोशल मीडिया प्रोफाइल की गहन जांच शुरू करने जा रही है।
यह आदेश हार्वर्ड यूनिवर्सिटी को मिलने वाले सरकारी फंड की समीक्षा की खबर के बाद आया है, जिससे ट्रंप प्रशासन और प्रमुख अमेरिकी विश्वविद्यालयों के बीच तनाव और बढ़ गया है। गौरतलब है कि अमेरिका के कई कॉलेज और विश्वविद्यालय विदेशी छात्रों से मिलने वाली फंडिंग पर निर्भर करते हैं।
खबरों के मुताबिक, सरकार हार्वर्ड यूनिवर्सिटी को मिलने वाले फंड को या तो पूरी तरह बंद करने या किसी अन्य संस्थान को ट्रांसफर करने की तैयारी कर रही है।
व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गवर्नमेंट सर्विसेज़ एजेंसी (GSA) अन्य एजेंसियों को एक पत्र भेजने जा रही है जिसमें हार्वर्ड के साथ वर्तमान में चल रहे अनुबंधों को समाप्त करने या पुनः आवंटित करने की संभावनाओं पर विचार मांगा जाएगा। प्रशासन के अनुमान के अनुसार हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के साथ इस समय करीब 30 अनुबंध चल रहे हैं, जिनकी कुल कीमत 10 करोड़ डॉलर के आसपास है।
अब तक हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इससे पहले, बीते सप्ताह ट्रंप प्रशासन ने हार्वर्ड में विदेशी छात्रों के नए दाखिले पर रोक लगाने का निर्णय लिया था, जिसके विरोध में हार्वर्ड ने अदालत का दरवाज़ा खटखटाया है। यह मामला अब न केवल शिक्षा नीति, बल्कि अंतरराष्ट्रीय संबंधों और अमेरिका की वैश्विक छवि से भी जुड़ गया है।