आईएएस वंदना वैद्य के फार्म हाउस में चल रहा था जुए का अड्डा, 13 लाख रुपए सहित 18 गिरफ्तार.
इंदौर। मानपुर में पुलिस ने एक फार्म हाउस पर छापा मार कर जुए के बड़े अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने यहां से 18 हाई प्रोफाइल लोगों को 13 लाख रुपए नकद सहित गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि यह फार्म हाउस आईएएस वंदना वैद्य और उनके पति अम्बरीश वैद्य के नाम पर है। वंदना वैद्य वर्तमान में वित्त विकास निगम इंदौर की प्रबंध संचालक हैं।
पुलिस के मुताबिक उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अवलीपुरा स्थित फार्म हाउस में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। फिर ग्रामीण डीआईजी मनोज सिंह को सूचना दी गई और उनके नेतृत्व में पुलिस ने बुधवार तड़के फार्म हाउस पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से 18 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा, जबकि पांच आरोपी भागने में सफल हो गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 13 लाख 67 हजार 971 रुपए नकद, 52 ताश के पत्ते, 30 मोबाइल फोन, 10 नई ताश की गड्डियां और दो कारें जब्त की हैं। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत करीब 28 लाख 67 हजार 971 रुपए बताई जा रही है।
बाहर से गेट बंद कर खेल रहे थे जुआ
जब पुलिस टीम फार्म हाउस पहुंची तो मुख्य गेट बाहर से बंद था, लेकिन अंदर से लोगों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। इसके बाद पुलिस ने फार्म हाउस के पीछे की ओर से अंदर प्रवेश किया। वहां बरामदे में रोशनी के बीच कुछ लोग ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेलते हुए मिले। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर मौके से 18 आरोपियों को पकड़ लिया। हालांकि कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भागने में सफल हो गए।
आईएएस वैद्य का है फार्म हाउस
पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह फार्म हाउस आईएएस वंदना वैद्य और उनके पति अम्बरीश वैद्य के नाम पर है। वंदना वैद्य वर्तमान में वित्त विकास निगम इंदौर की प्रबंध संचालक हैं। इसकी देखभाल पास के ही गांव का कोई व्यक्ति कर रहा था। बताया जाता है कि उसी व्यक्ति ने यह फार्म हाउस जुआ खेलने के लिए दे दिया था।