इंदौर के पास सिमरोल में भेरूघाट के पास कार से टकराकर खाई में गिरी यात्री बस, दो महिलाओं की मौत, कई घायल.
इंदौर। इंदौर के पास सिमरोल के भेरूघाट पर एक यात्री बस खाई में गिर गई। बताया जाता है कि एक कार से टक्कर के बाद यह हादसा हुआ। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई है, जबकि कई घायल हैं।
बताया जाता है कि हादसा सोमवार रात करीब 9.40 बजे हुआ। बस ओंकारेश्वर से इंदौर की ओर आ रही थी। तभी उसकी कार से टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि बस में करीब 40 यात्री सवार थे। यात्रियों का कहना है कि बस ड्राइवर ने शराब पी रखी थी। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। करीब 30 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया। कुछ लोगों को बस के कांच तोड़कर बाहर निकालना पड़ा। इस हादसे में घायल लोगों को इंदौर के एमवाय अस्पताल और महू के सिविल अस्पताल लाया गया है।
एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि दो महिलाओं की मौके पर मौत हुई है। अभी बस में फंसे लोगों को निकाला जा रहा है। वहीं मौके पर पहुंची क्रेन की मदद से बस और कार को खाई से निकालने की कोशिश की जा रही है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने तत्काल एसडीएम महू को मौके पर भेजकर घायलों को इंदौर के एमवाय अस्पताल पहुंचाया। कलेक्टर ने पूरी घटना के जांच के आदेश भी दिए है।