इंदौर के बीआर गोयल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड पर इनकम टैक्स विभाग की कार्रवाई, दस्तावेज और डेटा खंगाल रही है टीम.
इंदौर। इनकम टैक्स विभाग ने शुक्रवार सुबह से सड़क निर्माण करने वाली कंपनी बीआर गोयल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के कई ठिकानों पर सर्वे की कार्रवाई शुरू की है। कंपनी के सपना–संगीता रोड स्थित कार्यालय और कंपनी के डायरेक्टर के घर पर सर्वे चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह-सुबह इनकम टैक्स की टीमें इन ठिकानों पर पहुंचीं और जांच शुरू की। दस्तावेजों और डिजिटल डेटा की विशेष रूप से जांच की जा रही है। बीआर गोयल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड इंदौर की एक प्रमुख निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी है। कंपनी की स्थापना 1986 में हुई थी। 2005 में यह प्राइवेट लिमिटेड बनी और बाद में पब्लिक लिमिटेड कंपनी में परिवर्तित हुई।
देशभर में चल रहे हैं कंपनी के प्रोजेक्ट
यह कंपनी सड़क, राजमार्ग, पुल और इमारतों के निर्माण के साथ-साथ आरएमसी (रेडी मिक्स कंक्रीट) की आपूर्ति, टोल कलेक्शन और इंदौर में बीआरजी हिल व्यू जैसे आवासीय प्रोजेक्ट्स का संचालन करती है। इसके अलावा कंपनी देशभर में अलग-अलग इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में सक्रिय है।
भारी पैमाने पर गड़बड़ी की सूचना
सूत्र बताते हैं कि इनकम टैक्स विभाग को कंपनी में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की सूचना मिली है। कंपनी के कामकाज, बड़े पैमाने पर लेन-देन और टैक्स में गड़बड़ी की सूचना के बाद विभाग ने आज कार्रवाई शुरू की है।