इंदौर के शराब ठेकेदार के आत्महत्या मामले में देवास की आबकारी असिस्टेंट कमिश्नर मंदाकिनी दीक्षित निलंबित, सीएम ने दिए थे निर्देश.
इंदौर। इंदौर के कनाड़िया के शराब ठेकेदार दिनेश मकवाना के आत्महत्या मामले में सीएम डॉ.मोहन यादव ने बड़ा एक्शन लिया है। सीएम के निर्देश पर आबकारी विभाग की असिस्टेंट कमिश्नर मंदाकिनी दीक्षित को निलंबित कर दिया गया है। ठेकेदार ने एक वीडियो जारी कर दीक्षित पर रिश्वत के लिए परेशान करने के आरोप लगाए थे।
उल्लेखनीय है कि शराब ठेकेदार दिनेश मकवाना ने 8 नवंबर को जहर पीकर आत्महत्या कर ली थी। ठेकेदार का एक वीडियो सामने आया था जिसमें उसने आबकारी विभाग की असिस्टेंट कमिश्नर मंदाकिनी दीक्षित पर रिश्वत के लिए परेशान करने का आरोप लगाया था। दिनेश ने अपनी आत्महत्या के लिए मंदाकिनी दीक्षित को जिम्मेदार बताया था। इस वीडियो के वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तुरंत एक्शन लिया है। उनके निर्देश पर मंदाकिनी दीक्षित को निलंबित कर दिया गया है। गौरतलब है कि दिनेश मकवाना की देवास में शराब की 5 दुकानें थीं। दिनेश के परिजन ने कनाड़िया थाने में 29 नवंबर को शिकायत कर मामले की जांच की मांग भी की थी।
मंदाकिनी ने भी लगाए थे ब्लैकमेल के आरोप
आबकारी अधिकारी मंदाकिनी दीक्षित ने भी देवास एसपी को आवेदन दिया है। उन्होंने कहा है कि ठेकेदार मकवाना के परिजन उन्हें ब्लैकमेल कर रहे हैं। वे उनसे दो करोड़ रुपए में मामला सेटल करने की बात कह रहे हैं। उन्होंने इससे जुड़े वीडियो भी पुलिस को सौंपे हैं।
मकवाना ने लगाए थे रिश्वत के आरोप
ठेकेदार दिनेश मकवाना ने 8 नवंबर 2025 को जहरीला पदार्थ खाकर सुसाइड कर लिया था। उनका एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वे आरोप लगा रहे थे कि मंदाकिनी दीक्षित उनकी 5 दुकानों के लिए डेढ़ लाख प्रति दुकान के हिसाब से 7.5 लाख रुपए महीना मांग रही थीं। मकवाना का दावा है कि वे उन्हें 20–22 लाख रुपए तक दे भी चुके थे।