इंदौर से विंटर शेड्यूल में कई शहरों के लिए नई फ्लाइट, नवी मुंबई और रीवा के लिए भी मिलेगी सीधी उड़ान.
इंदौर। विंटर शेड्यूल में विमान कंपनियों ने इंदौर से कई शहरों के लिए सीधी उड़ानों की घोषणा की है। इसमे नवी मुंबई और रीवा के लिए सीधी फ्लाइट भी शामिल है। इसके अलावा गोंदिया, नासिक, जोधपुर, जम्मू और उदयपुर के लिए भी फ्लाइट शुरू हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इंदौर से गोंदिया की उड़ान के लिए स्टार एयर ने अनुमति ली है। स्टार एयर पहले इंदौर से फ्लाइट का संचालन करती थी, लेकिन इसकी सेवाएं बंद हो गई थी। नवी मुंबई के नए इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए इंदौर से फ्लाइट का संचालन शुरू करने के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ इंडिगो ने भी अनुमति ली है। अलायंस एयर रीवा के लिए फ्लाइट शुरू कर रही है। विंटर शेड्यूल में नई फ्लाइट शुरू होने के बाद इंदौर से अब पुणे, मुंबई, नवी मुंबई, जयपुर, रायपुर, जबलपुर, बेंगलुरू, हैदराबाद, दिल्ली, अहमदाबाद, गोवा, चंडीगढ़, जम्मू, चेन्नई, जोधपुर, गाजियाबाद, नासिक, उदयपुर, गोंदिया, भुवनेश्वर, जयपुर, लखनऊ, रीवा, नागपुर, कोलकाता के साथ शारजाह की उड़ान चलेगी। वर्तमान में इंदौर से फिलहाल 84 उड़ानों का संचालन किया जा रहा है। इंदौर से सबसे ज्यादा उड़ानें दिल्ली, मुंबई, बेंगलरु शहर के लिए है। अक्टूबर में इंदौर से गोवा के लिए भी नई उड़ान शुरू होगी। फिलहाल इंदौर से शारजाह के लिए एक इंटरनेशनल फ्लाइट ही है।