आज से तीन हजार रुपए का सालाना पास खरीदें और बार-बार फास्टैग रिचार्ज कराने से पाएं आजादी.
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त से हाईवे पर सफर करने वालों की आजादी का दिन भी साबित हुआ है। आज से फास्टैग का सालान पास शुरू कर दिया गया है। तीन हजार रुपए में इसे खरीदकर आप एक साल 200 टोल पार कर सकते हैं।
जब भी आप अपनी कार से कहीं जाते हैं तो रास्ते में पड़ने वाले टोल प्लाजा पर आपको टैक्स देना होता है। कई शहरों के बीच ये टोल टैक्स 500 रुपये से भी ज्यादा है। इस तरह अगर आप रोजाना लंबी यात्रा करते हैं तो यह कापी महंगा पड़ता है और आपको बार-बार फास्टैग रिचार्ज करना पड़ता है। आपको इसी परेशानी से बचाने के लिए सरकार ने सालाना पास की सुविधा शुरू की है।
जानते हैं इस सालाना पास के बारे में
-सालाना पास एक प्रीपेड पास है, जो सिर्फ प्राइवेट वाहनों के लिए बनाया गया है। इसकी कीमत तीन हजार रुपए है।
-अगर आप भी फास्टैग का ये सालाना पास लेना चाहते हैं तो राजमार्ग यात्रा मोबाइल एप या एनएचएआई की आधिकारिक वेबसाइट से खरीदा जा सकता है।
-पास को एक्टिव करने के लिए, आपको अपने वाहन और फासटैग का वेरिफिकेशन करना होगा। इसके बाद आपको तीन हजार रुपए का भुगतान करना होगा। पेमेंट होने के दो घंटे बाद आपका फास्टैग एक्टिवेट हो जाएगा।
-आपको फास्टैग के सालाना पास के लिए नया फास्टैग स्टीकर खरीदने की जरूरत नहीं होगी। आपके मौजूदा Fastag पर ही ये पास एक्टिवेट हो जाएगा।
-फास्टैग का ये एनुअल पास सिर्फ राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर मौजूद टोल प्लाजा पर वैध होगा। अगर हाईवे या एक्सप्रेसवे स्टेट या प्राइवेट है तो इसमें आपको मुफ्त एंट्री नहीं होगी।
- सालाना पास एक्टिवेट होने के बाद एक साल तक या फिर 200 ट्रिप तक ये पास वैध रहेगा। एक साल पूरा होने या फिर 200 ट्रिप पूरी होते ही फास्टैग वैसे ही काम करने लगेगा, जैसा पहले करता था। आपको बैलेंस रीचार्ज करना होगा।
- आप किसी और का फास्टैग स्टीकर इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं। फास्टैग पास भी सिर्फ उसी वाहन के लिए वैध रहेगा, जिस पर यह चिपकाया गया है या रजिस्टर्ड है।