यमन संकट पर अमेरिका की चिंता: मार्को रुबियो ने शांति के लिए कूटनीति तेज़ करने की अपील.
यमन संकट पर अमेरिका की चिंता: मार्को रुबियो ने शांति के लिए कूटनीति तेज़ करने की अपील
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने यमन में बिगड़ते हालात पर गहरी चिंता जताते हुए सभी पक्षों से संयम बरतने और शांति के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी रखने का आह्वान किया है।
एक्स पर साझा किए गए अपने बयान में रुबियो ने कहा,
“अमेरिका दक्षिण-पूर्वी यमन में हाल की घटनाओं से चिंतित है। हम सभी से आग्रह करते हैं कि वे संयम रखें और स्थायी समाधान तक पहुँचने के लिए लगातार कूटनीति का सहारा लें।”
उन्होंने सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि अमेरिका अपने साझेदारों के राजनयिक प्रयासों के लिए आभारी है और क्षेत्र में साझा सुरक्षा हितों को आगे बढ़ाने के सभी प्रयासों का समर्थन करता रहेगा।
गौरतलब है कि यमन में बीते कुछ दिनों से हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। यमन संकट को लेकर सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात एक बार फिर आमने-सामने दिखाई दे रहे हैं। यूएई समर्थित समूह सदर्न ट्रांज़िशनल काउंसिल (STC) ने पिछले सप्ताह यमन के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में कई अहम शहरों और तेल भंडारों पर दोबारा कब्ज़ा कर लिया है।
ये क्षेत्र पहले सऊदी समर्थित सेनाओं के पीछे हटने के बाद अलगाववादी गुटों के नियंत्रण में आ गए थे। एसटीसी की यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब 2022 में हुए संघर्षविराम समझौते के बाद से इस इलाके में अपेक्षाकृत शांति बनी हुई थी।
इस नए घटनाक्रम ने मध्य-पूर्व की दो बड़ी ताकतों—सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात—के बीच यमन को लेकर चली आ रही तनातनी को एक बार फिर सतह पर ला दिया है।