रूस में आसमान में टूटा सैन्य विमान: उड़ान के दौरान दो हिस्सों में बंटा AN-22, सभी क्रू सदस्यों की मौत.
रूस में आसमान में टूटा सैन्य विमान: उड़ान के दौरान दो हिस्सों में बंटा AN-22, सभी क्रू सदस्यों की मौत
रूस के इवानोवो क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां AN-22 सैन्य परिवहन विमान उड़ान के दौरान बीच हवा में दो टुकड़ों में बंट गया और देखते ही देखते जमीन पर गिरकर ध्वस्त हो गया। इस भीषण दुर्घटना में विमान में सवार सभी क्रू सदस्यों की मौत हो गई।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि यह विमान परीक्षण उड़ान पर था और दुर्घटना एक निर्जन इलाके में हुई, जिससे किसी आम नागरिक को नुकसान नहीं पहुंचा। मंत्रालय के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है, हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है।
9 दिसंबर को रिकॉर्ड हुए हादसे के वीडियो फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि विमान अचानक हवा में टूटता है और तेज़ी से नीचे गिरते हुए जमीन से टकरा जाता है। घटना इतनी अचानक और भयावह थी कि बचाव की कोई संभावना नहीं बची।
इस बीच रूस की जांच समिति ने मामले को गंभीर मानते हुए आपराधिक केस दर्ज कर लिया है। यह केस उड़ान की तैयारी और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन से जुड़ा हुआ है। जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि क्या हादसे के पीछे तकनीकी खामी या मानवीय लापरवाही जिम्मेदार थी।
फिलहाल, इस हादसे ने रूसी सैन्य विमानन की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।