उज्जैन के तराना में फिर बवाल, जुमे की नमाज के बाद आमने-सामने हुए लोग, बस और दुकानों में लगाई आग, पुलिस ने 15 लोगों को किया गिरफ्तार.
उज्जैन। उज्जैन के तराना में गुरुवार रात को हुआ विवाद शांत होने का नाम नहीं ले रहा। शुक्रवार दोपहर फिर बवाल हो गया। उपद्रवियों ने एक बस सहित कई दुकानों में आग लगा दी।हालात तब और बिगड़ गए, जब लोग एक-दूसरे पर पथराव करने लगे। इस बीच पुलिस से बहस भी हुई। पथराव में एक युवक घायल हुआ है। वहीं पुलिस ने मामले में 15 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि तराना में गुरुवार रात को एक युवक से मारपीट के बाद दो समुदाय आमने-सामने आ गए और 11 बसों में तोड़फोड़ की गई थी। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सुबह फिर से तराना थाने का घेराव किया। उन्होंने मांग की कि आरोपियों का जुलूस निकालें और उनके घर तोड़ें। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता थाने पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी। सुरक्षा के नजरिए से शुक्रवार को बाजार बंद रखा गया और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
जुमे की नमाज के बाद मचा बवाल
ज्जैन के तराना में शुक्रवार दोपहर फिर तनाव फैल गया। नमाज के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में दो समुदाय आमने-सामने आए, मारपीट-पथराव हुआ और एक बस में आग लगा दी गई। हालात संभालने एसपी प्रदीप शर्मा मौके पर पहुंचे, भारी पुलिस बल तैनात है। शुक्रवार दोपहर को जब पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी यह समझ रहे थे कि पूरा मामला शांत हो गया है तभी तकिया मोहल्ला क्षेत्र बस स्टैंड में 50 से 60 लोगों ने जमकर बवाल मचाया। इस दौरान मारपीट और पथराव किए जाने की बात भी सामने आई है। क्षेत्र में दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने हो गए थे जिसे तो पुलिस ने रोक दिया, लेकिन इसी बीच किसी व्यक्ति ने यहां खड़ी एक बस में आग लगा दी। बस में आग लगाए जाने की जानकारी जैसे ही लोगों तक पहुंची वैसे ही क्षेत्र में फिर स्थिति बिगड़ गई।