इंदौर में क्या फिर पैर पसार रहा कोरोना, दो नए मरीजों में से एक महिला की मौत ने बढ़ाई चिन्ता, डॉक्टर कह रहे पहले से थी कई बीमारियां.


इंदौर। इंदौर में काफी समय बाद कोरोना के दो मरीज मिले हैं। इनमें से एक बुजुर्ग महिला की मौत के बाद चिन्ता बढ़ गई है। दोनों को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोनों पहले से ही कई बीमारियों से ग्रसित थे। सोमवार को महिला की मौत हो गई, जबकि युवक का इलाज अभी चल रहा है।
बताया जाता है कि दोनों मरीज इंदौर के ही निवासी हैं। युवक को दो-तीन दिनों से सर्दी और खांसी की शिकायत थी। पहले उसने एक अन्य अस्पताल में इलाज करवाया लेकिन जब राहत नहीं मिली, तो वह अरबिंदो अस्पताल पहुंचा, जहां कई जांचों के बाद कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई। पश्चिमी क्षेत्र की निवासी 74 वर्षीय महिला जिस महिला की मौत हुई है, उसे पहले से किडनी की गंभीर बीमारी थी। उन्हें सीवियर सेप्टिक की स्थिति में अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए फ्लू पैनल जांच करवाई, जिसमें वह भी कोविड पॉजिटिव पाई गईं। हालांकि उनकी मृत्यु सोमवार को हुई, डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि मौत का कारण मुख्य रूप से उनकी पुरानी बीमारियां थीं?
अरबिंदो अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. विनोद भंडारी के अनुसार मरीजों की सर्दी-खांसी सामान्य इलाज से ठीक नहीं होती। ऐसे मामलों में विशेष फ्लू पैनल जांच की जाती है, जिसमें विभिन्न प्रकार की वायरल बीमारियों की जांच की जाती है। युवक के मामले में भी यही प्रक्रिया अपनाई गई, और इसी जांच के दौरान वह कोविड पॉजिटिव पाया गया। उसे तुरंत अस्पताल में आइसोलेट कर दिया गया है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर है। अस्पताल प्रबंधन ने सतर्कता बरतते हुए सभी आवश्यक उपाय किए हैं।