एटीएफ की कीमत बढ़ने के बाद इंडिगो ने बढ़ाया किराया, आज रात 12 बजे से होगा लागू, फ्यूल चार्ज के रूप में 2300 रुपए तक ज्यादा देने पड़ेंगे.
नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी जंग का असर अब एयरलाइन्स पर भी पड़ने लगा है। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने किराया बढ़ा दिया है जो आज रात 12 बजे बाद यानी 14 मार्च से लागू हो जाएंगे। जंग के कारण एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) के दाम 85 फीसदी से ज्यादा बढ़ गए हैं। कंपनी ने ऐलान किया है कि 14 मार्च 2026 से सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल चार्ज लगाया जाएगा। अब आपको 425 रुपए से 2300 रुपए तक ज्यादा देने होंगे।
एयरलाइन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 14 मार्च 2026 से भारत के भीतर के उड़ानों पर 425 रुपया ज्यादा देना होगा। इंडियन सबकॉन्टिनेंट बांग्लादेश, नेपाल, भूटान, श्रीलंका और मालदीव के लिए लिए भी फ्यूल चार्ज के तौर पर 425 रुपये वसूले जाएंगे। मिडिल ईस्ट की यात्रा के लिए 900 रुपया, दक्षिण पूर्व एशिया, चीन, अफ्रीका और पश्चिम एशिया की यात्रा के लिए 1800 रुपया, यूरोप की यात्रा के लिए 2300 रुपया ज्यादा देने होंगे।
इंडिगो का कहना है कि मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव की वजह से एटीएफ के दाम में भारी बढ़ोतरी हुई है। इसके कारण उसने किराया वृद्धि का फैसला लिया है। एयरलाइन ने कहा कि एटीएफ उनके ऑपरेशन की सबसे बड़ी लागत है और इस अचानक बढ़ोतरी का असर पूरे नेटवर्क पर पड़ रहा है। इससे पहले एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी टिकटों पर फ्यूल सरचार्ज लागू करने का ऐलान कर चुकी हैं।