होशियारपुर में भीषण सड़क हादसा: बस–कार टक्कर में चार की मौत, विदेश जाने निकले युवक का सपना अधूरा.
होशियारपुर में भीषण सड़क हादसा: बस–कार टक्कर में चार की मौत, विदेश जाने निकले युवक का सपना अधूरा
पंजाब के होशियारपुर जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा दसूहा–होशियारपुर मुख्य सड़क पर अड्डा दोसड़क के पास सुबह करीब चार बजे हुआ, जब एक रोडवेज बस और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। कार में सवार सभी लोग हिमाचल प्रदेश के गगरेट क्षेत्र के निवासी थे। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को अस्पताल के शवगृह में रखवाया, जबकि घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, कार नंबर HP-72-6869 में सुखविंदर सिंह पुत्र हरनाम सिंह, सुशील कुमार पुत्र देसराज, ब्रिज कुमार पुत्र महिंदर कुमार, अरुण कुमार पुत्र गुरपाल सिंह और अमृत कुमार सवार थे। ये सभी हिमाचल प्रदेश के दौलतपुर क्षेत्र के चलेत गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। वे अमृत कुमार को विदेश जाने के लिए अमृतसर एयरपोर्ट छोड़ने जा रहे थे।
जैसे ही कार अड्डा दोसड़क पहुंची, दसूहा से होशियारपुर की ओर जा रही रोडवेज बस से उसकी टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमृत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज होशियारपुर के अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।