भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बोले सपा प्रमुख अखिलेश यादव-सनातनियों को सोचना होगा कि उनका व्रत सनातन कैसे रहेगा.
नई दिल्ली। भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इस सौदे के माध्यम से भारत ने अपना पूरा बाजार अमेरिका को सौंप दिया है। यादव ने इस मुद्दे को उठाते हुए विशेष रूप से डेयरी उत्पादों के आयात पर चिंता व्यक्त की, जिसका सीधा संबंध सनातन धर्म के रीति-रिवाजों और व्रतों से जोड़ा।
अखिलेश यादव ने इस बात पर जोर दिया कि यदि डेयरी उत्पाद अमेरिका से आयात किए जाएंगे, तो यह सनातनियों और भारतीय लोगों के व्रत रखने की परंपरा पर सीधा असर डालेगा। उन्होंने कहा कि सनातनियों को सोचना होगा कि उनका व्रत 'सनातन' कैसे रहेगा। अगर डेयरी प्रोडक्ट्स वहां से आएंगे, तो सनातनी और भारतीय व्रत कैसे रखेंगे?
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर राष्ट्रीय सुरक्षा और चीन के साथ संबंधों के मुद्दों पर चर्चा से बचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा यह कोशिश करती है कि चर्चा न हो। हमने देखा है कि जब विपक्ष के नेता और दूसरी पार्टियां चीन के मुद्दे पर डिटेल्स जानना चाहती थीं, तो भाजपा पीछे हट गई। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि चीन के साथ संबंधों पर हमेशा सोच-समझकर फैसला लेना चाहिए, क्योंकि राष्ट्रीय सुरक्षा और सीमा सुरक्षा सर्वोपरि है।