राहुल गांधी के आरोपों पर बोला चुनाव आयोग-मैच हारने के बाद रेफरी को दोष देना नई और बेतुकी आदत.
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा महाराष्ट्र चुनाव में धांधली के आरोपों पर चुनाव आयोग ने करारा जवाब दिया है। चुनाव आयोग ने राहुल गांधी को जवाब देते हुए कहा कि मैच हारने के बाद रेफरी को दोष देना अब एक नई और बेतुकी आदत बन चुकी है।
उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने शनिवार को महाराष्ट्र चुनाव में हेराफेरी का बड़ा आरोप लगाया और एक-एक कर बताया कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों में कैसे धांधली की गई और भाजपा को फायदा पहुंचाया गया। राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि 2024 का महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने की एक सुनियोजित योजना थी। उन्होंने ट्वीट में यह भी दावा कर दिया कि बीजेपी की नजर अब बिहार विधानसभा चुनाव पर है, जो इस साल के अंत में होने वाला है। राहुल गांधी ने लिखा कि महाराष्ट्र में जो मैच-फिक्सिंग हुई, वही अब बिहार में होगी और फिर यह हर उस जगह पहुंचेगी, जहां बीजेपी हार रही है।
चुनाव आयोग ने दिया जोरदार जवाब
राहुल गांधी के आरोपों पर चुनाव आयोग ने जवाब देते हुए कहा कि मैच हारने के बाद रेफरी को दोष देना अब एक नई और बेतुकी आदत बन चुकी है। चुनाव आयोग ने यह भी कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी को उनकी तरफ से किए गए सवालों का जवाब 24 दिसंबर 2024 को दिया जा चुका है। यह जवाब चुनाव आयोग की वेबसाइट पर भी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है। चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के आरोप को पूरी तरह बेबुनियाद और कानून का अपमान बताया। चुनाव आयोग ने कहा कि इस तरह की भाषा लोकतंत्र के लिए जहर जैसी है। चुनाव आयोग को बदनाम करना, केवल एक संस्थान पर नहीं बल्कि देश के लोकतांत्रिक ढांचे पर हमला है।