मालेगांव बम ब्लास्ट पर सबसे ज्यादा बयान देने वाले दिग्विजय सिंह बोले-ना हिंदू आतंकवादी हो सकता है ना मुसलमान.
भोपाल। मालेगांव बम ब्लास्ट के बाद सबसे ज्यादा बयान कांग्रेस नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने दिए थे। यहां तक कि 2019 में मालेगांव की मुख्य आरोपी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने भोपाल सीट से दिग्विजय सिंह को लोकसभा का चुनाव हरा दिया था। अब फैसले के बाद दिग्विजय सिंह की प्रतिक्रिया आई है, जिसमें उन्होंने कहा कि चाहे हिंदू हो या मुस्लिम या फिर सिख हो या ईसाई, कोई भी आतंकवादी नहीं हो सकता। बस कुछ लोग होते हैं जो धर्म को नफरत का हथियार बनाकर इस्तेमाल करते हैं।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि कुछ लोग होते हैं जो धर्म को नफरत के लिए इस्तेमाल करता है, वही आतंकवादी होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हिंदू टेरर का शब्द नहीं दिया ये बिल्कुल गलत है। धर्म के आधार पर आतंकवाद नहीं होता है। दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि न हिंदू आतंकवाद होता न इस्लामिक आतंकवाद होता है। हर धर्म सद्भाव और सत्य अहिंसा का रूप है। न सिख आतंकवादी होते हैं न ईसाई होते हैं।
दिग्विजय पर भाजपा साधती रही है निशाना
उल्लेखनीय है कि हिंदू आतंकवाद के मुद्दे पर भाजपा के निशाने पर हमेशा दिग्विजय सिंह रहे हैं। भाजपा यह आरोप लगाते रही है कि हिंदुओं को बदनाम करने के लिए दिग्विजय सिंह ने ही हिंदू आतंकवाद की थ्योरी गढ़ी थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ हिंदू आतंकवाद का मुद्दा उठाया था। इसे मुद्दे को मजबूती देने के लिए भाजपा ने उनके खिलाफ साध्वी प्रज्ञा को उतारा था। साध्वी प्रज्ञा ने उस चुनाव में दिग्विजय सिंह को तीन लाख वोटों से हराया था।