फिर भाजपा की शरण में पहुंचे भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह, शाह और नड्डा के साथ फोटो पोस्ट कर लिखा- ई फोटो देख के सांप लोट रहा होगा.
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह एक बार फिर भाजपा की शरण में पहुंच गए हैं। पवन सिंह ने अमित शाह और जेपी नड्डा के साथ फोटो शेयर करते हुए लिखा कि जातिवादी राजनीति के पोषकों के दिल पे आज ई फोटो देख के सांप लोट रहा होगा, लेकिन जिनके दिल में विकसित बिहार का सपना बसता है, वो कब तक एक-दूसरे से दूर रह सकते हैं।
पवन सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा-आज गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा और उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात हुई। उन्होंने दिल से आशीर्वाद दिया। मोदी जी और नीतीश जी के सपनों का बिहार बनाने में आपका बेटा पवन पूरा पावर लगाएगा। उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव के दौरान पवन सिंह को भाजपा ने आसनसोल से टिकट दिया था, लेकिन वे बिहार की काराकाट लोकसभा सीट से लड़ना चाहते थे। जब बात नहीं मानी गई तो उन्होंने निर्दलीय पर्चा भरा और चुनाव में हार गए।
लोकसभा चुनाव में भाजपा को हुआ था नुकसान
2024 के लोकसभा चुनाव में काराकाट सीट से उनके निर्दलीय उतरने से भाजपा को नुकसान हुआ था। पवन सिंह के कारण ही उपेंद्र कुशवाहा न केवल हारे बल्कि तीसरे स्थान पर चले गए थे। काराकाट सीट पर पहले से ही राजपूत बनाम यादव समीकरण है। पवन सिंह ने राजपूत और भोजपुरी दर्शकों के बीच अपनी पकड़ का इस्तेमाल किया, जिससे वोटों का बंटवारा हुआ था। परिणास्वरूप महागठबंधन का उम्मीदवार चुनाव जीत गया था।
पवन के आने से भाजपा को फायदा
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पवन सिंह के आने से भाजपा को कई इलाकों में फायदा होगा। वे भोजपुरी सिनेमा के काफी लोकप्रिय कलाकार हैं और वे कई विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को फायदा दिला सकते हैं। भोजपुर, बक्सर, आरा, सासाराम, कैमूर, रोहतास, सीवान और गाजीपुर तक फैले भोजपुरी भाषी इलाकों में पवन सिंह का व्यापक प्रभाव माना जाता है। उनके फ़िल्मों और गीतों की लोकप्रियता गांव-गांव तक है। खास बात यह कि उनकी पकड़ युवाओं में ज्यादा है, जिसका फायदा भाजपा को मिल सकता है।