बिहार में चुनाव से पहले सांसद पप्पू यादव के बयान ने मचाई हलचल, कहा-कांग्रेस में आएं नीतीश कुमार तो मिलेगा सम्मान.
पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए सारे दल मैदान संभाले बैठे हैं। ऐसे में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने एक बयान देकर सियासत में हलचल मचा दी है। पप्पू यादव ने कहा कि एनडीए नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी। सिर्फ कांग्रेस ही उनको सम्मान देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में वह (नीतीश कुमार) आना भी चाहते हैं, अगर वह कांग्रेस में आते हैं तो पार्टी उनका स्वागत करेगी।
पप्पू यादव ने यह बात मीडिया से चर्चा के दौरान मंगलवार को कही। पप्पू यादव ने दावा किया कि अगर एनडीए जीती तो चुनाव के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बिल्कुल नहीं बनेंगे। भाजपा उन्हें सम्मान नहीं देती। नीतीश कुमार को सम्मान सिर्फ कांग्रेस दे सकती है और कांग्रेस में वह आना भी चाहते हैं। महागठबंधन में एकजुटता के सवाल पर उन्होंने कहा कि एनडीए पर तो अकेले पप्पू यादव ही भारी पड़ेगा। रही बात एकजुटता की तो महागठबंधन से यह सवाल नहीं पूछा जाए, बल्कि बीजेपी से पूछा जाए कि उन लोगों की एकजुटता कहां है। नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाना चाह रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल तो बिहार में अभी यही है। पप्पू यादव ने कहा कि बिहार की पूरी जनता एक साथ है और एनडीए को वोट नहीं देना चाहती और महागठबंधन को वोट करेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की बिहार में चुनावी सभा छठ के बाद होगी।