महाराष्ट्र में महा नगर पालिका चुनावों को लेकर गरमाई सियासत, संजय राउत बोले-जहां मिलेंगे फर्जी वोटर, हमारे कार्यकर्ता करेंगे धुलाई.
मुंबई। महाराष्ट्र में नगरीय निकाय चुना जारी है। 29 महानगरपालिकाओं में 15 जनवरी को वोटिंग होने वाली है। इसको लेकर सियासी बयानों का सिलसिला जारी है। शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत ने डुप्लीकेट और बोगस वोटर्स का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि जहां भी उन्हें फर्जी मतदाताओं की शिकायत मिलेगी, वहां शिवसेना यूबीटी के कार्यकर्ता पहुंचेंगे और धुलाई कर देंगे।
संजय राउत ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में कहा कि बोगस वोटर्स को हम ठोक देंग। हमने 5000 लोग तैयार किए हैं। जहां भी डुप्लीकेट वोटर आएगा, ये लोग हमें खबर करेंगे। हमारे लोग आएंगे और ऐसे लोगों की धुलाई कर देंगे। संजय राउत ने कहा कि बोगस वोटिंग करना कानूनी व्यवस्था में नहीं आता। दूसरी बात, ये लोग (बीजेपी और शिंदे गुट) पैसा बांट रहे हैं। जहां शिंदे के लोग पैसा बांट रहे हैं, वहां बीजेपी के लोग उन्हें मार रहे हैं और जहां बीजेपी के लोग पैसा बांट रहे हैं, वहां शिंदे के लोग उन्हें मार रहे हैं। इसलिए यह मुद्दा खत्म करने की जिम्मेदारी हम उनपर सौंपते हैं।
संजय राउत ने बीजेपी नेता के. अन्नामलाई के 'बॉम्बे' वाले बयान पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अन्नामलाई पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कहते हैं कि उन्हें मुंबई को बॉम्बे कहने की आदत है। अन्नामलाई, अगर आपको इसे बॉम्बे कहना ही है, तो वापस तमिलनाडु चले जाइए। ये अन्नामलाई कौन हैं? तमिलनाडु में भी उन्हें कोई नहीं जानता।