राजा रघुवंशी हत्याकांड : नरबलि को लेकर पोस्ट कर फंसी राजा की बहन, असम पुलिस ने दर्ज किया केस, सोनम के पास मिले दो मंगलसूत्र ने बढ़ाई उलझन.


इंदौर। राजा रघुवंशी हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। अब राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने नया राज उजागर किया है। विपिन के अनुसार मेघालय पुलिस ने उन्हें बताया था कि सोनम के पास से दो मंगलसूत्र मिले हैं। इनमें से एक मंगलसूत्र वह है जो हमारे परिवार ने सोनम को शादी के समय दिया था। इधर, राजा की बहन सृष्टि पर नरबलि को लेकर किए गए पोस्ट के कारण शिलांग पुलिस ने केस दर्ज किया है।
उल्लेखनीय है कि शिलांग पुलिस जब इंदौर आई थी तो प्रापर्टी ब्रोकर सिलोम के पास से बैग बरामद हुआ था, जिसमें सोनम के गहने थे। पुलिस ने इसकी शिनाख्त के लिए राजा के भाई को बुलाया था। तब दो मंगलसूत्र की जानकारी दी गई थी। राजा के भाई विपिन कहा कि उसे पता नहीं है कि दूसरा मंगलसूत्र किसने दिया। उसने कहा कि हो सकता है जब सोनम राजा की मौत के बाद इंदौर में रुकी थी, तब उसने और राज कुशवाह ने शादी कर ली हो और ये दूसरा मंगलसूत्र उसी का हो। विपिन ने बताया कि पुलिस को सोनम के पास से पांच जोड़ी बिछुड़ी और पायजेब भी मिले हैं। ये गहने उनके परिवार ने नहीं दिए थे, यानी ये सोनम के पास पहले से रहे होंगे या किसी और ने दिए होंगे।
सोनम के भाई ने किया है धोखा
विपिन ने सोनम के भाई गोविंद के बारे में कहा कि अब हमें लगता है कि उसने हमारे साथ धोखा किया है। गोविंद अब मीडिया में कह रहा है कि वह राखी से पहले जाकर सोनम से मिलेगा। साथ ही वह पुलिस पर भरोसा नहीं जता रहा है। विपिन ने बताया कि शुरुआत में गोविंद ने परिवार से कहा था कि वह राजा को न्याय दिलाएगा और सोनम को फांसी तक पहुंचाएगा। वह राजा के अंतिम कार्यक्रमों में बिना बुलाए आया था, लेकिन अब वह सोनम के लिए वकील करने की तैयारी में है।
राजा की बहन सृष्टि पर केस दर्ज
नरबलि को लेकर पोस्ट करने के मामले में राजा की बहन सृष्टि पर शिलांग पुलिस ने केस दर्ज किया है। राजा की बहन सृष्टि कंटेंट क्रिएटर है। राजा की हत्या के बाद उनसे कई पोस्ट सोशल मीडिया में डाली। उसमें से एक वीडियो में उसने असम में राजा की बलि से जुड़ी बात कही। उसमें असम के धार्मिक रीति रिवाजों का भी जिक्र किया। इस पोस्ट को आपत्तिजनक मानते हुए असम पुलिस ने राजा की बहन के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। सृष्टि पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप है। पुलिस ने उसे नोटिस भी भेजा है और पूछताछ के लिए बुलाया है। इस मामले में राजा के परिजनों का कहना है कि वे असम पुलिस से माफी मांगेंगे।