महाराष्ट्र में डिप्टी सीएम शिंदे पर कॉमेडियन कुणाल कामरा की टिप्पणी के बाद बवाल, शिवसैनिकों ने की तोड़फोड़.
मुंबई। महाराष्ट्र में स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी के बाद बवाल मच गया है। यूट्यूब पर वीडियो सामने आते ही शिवसैनिक नाराज हो गए और उन्होंने रविवार को मुंबई के खार इलाके स्थित स्टूडियो और होटल यूनिकॉन्टिनेंटल में तोड़फोड़ की। बताया जाता है कि वीडियो यहीं शूट हुआ था।
बताया जाता है कि उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर कुणाल कामरा ने अपने शो में गद्दार शब्द के जरिये कटाक्ष किया था। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पार्टी कार्यकर्ता यूनिकॉन्टिनेंटल क्लब पहुंचे और यहां तोड़फोड़ की। कथित तौर पर कुणाल कामरा ने इसी क्लब में एकनाथ शिंदे पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। शिंदे गुट के नेता राहुल कनाल ने मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में कामरा के खिलाफ शिकायत दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कामरा ने हाल ही में खार पश्चिम स्थित यूनी कॉन्टिनेंटल क्लब में आयोजित एक लाइव शो में डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की। शिवसेना कार्यकर्ताओं ने कॉमेडियन कुणाल कामरा को गिरफ्तार करने की मांग की।
कार्यकर्ताओं पर एफआईआर
इस बीच शिवसेना युवा सेना (शिंदे गुट) के महासचिव राहुल कनाल और 19 अन्य के खिलाफ कल हैबिटेट स्टैंडअप कॉमेडी सेट पर तोड़फोड़ करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई। बीएनएस और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत यह मामला दर्ज किया गया है।
एक्स पर साझा किा था वीडियो
कुणाल कामरा ने अपने शो के दौरान फिल्म 'दिल तो पागल है' के एक मोडिफाइड गाना के सहारे डिप्टी सीएम शिंदे का मजाक उड़ाया। कामरा ने सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो क्लिप भी साझा की। दरअसल, कामरा का इशारा 2022 में एकनाथ शिंदे द्वारा की गई बगावत पर था।