चाईबासा में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, 10 लाख का इनामी कमांडर ढेर.
चाईबासा में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, 10 लाख का इनामी कमांडर ढेर
गोइलकेरा थाना क्षेत्र के रेला गांव स्थित बुरजूवा पहाड़ी पर रविवार सुबह पुलिस और माओवादी नक्सलियों के बीच मुठभेड़ छिड़ गई। चाईबासा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में नक्सली संगठन के सक्रिय सदस्य मौजूद हैं, जिसके बाद पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

सर्च के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। दोनों ओर से गोलीबारी जारी रही। सुरक्षाबलों ने पूरे पहाड़ी क्षेत्र को घेर लिया और नक्सलियों के भागने के रास्ते बंद करने की कोशिश की।
मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया, जिसकी पहचान जोनल कमांडर अमित हांसदा उर्फ अपटन के रूप में हुई है। उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मौके से एक एसएलआर बरामद होने की भी सूचना है।
चाईबासा पुलिस ने मुठभेड़ की पुष्टि की और बताया कि अतिरिक्त पुलिस बल को इलाके में भेजा गया है।