फ्लाइट लेट हुई तो एयर इंडिया पर भड़कीं एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले, विमान कंपनी ने कहा-यह हमारे बस में नहीं.
मुंबई। फ्लाइट में देरी होने के कारण एनसीपी शरद पवार गुट की सांसद सुप्रिया सुले ने एयर इंडिया पर अपना गुस्सा निकाला है। सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उन्होंने कहा कि उनकी फ्लाइट एक घंटा 19 मिनट लेट है, जो अस्वीकार्य है। उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडु से कड़े नियम लागू करने को कहा है। एयर इंडिया ने इस मामले में कहा-यह हमारे बस में नहीं।
सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा कि मैं एयर इंडिया की फ्लाइट AI0508 से यात्रा कर रही थी, लेकिन यह एक घंटा 19 मिनट देरी से उड़ी। ऐसा लगातार हो रहा है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह अस्वीकार्य है। नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडु से अपील है कि वे कड़े नियम लागू करें ताकि एयर इंडिया को लगातार हो रही देरी के लिए जवाबदेय ठहराया जा सके। एक अन्य पोस्ट में सुले ने लिखा कि एयर इंडिया की उड़ानें लगातार देरी से उड़ती हैं। हम प्रीमियम किराया देते हैं, लेकिन उसके बाद भी उड़ानें कभी टाइम पर नहीं होतीं। इससे सभी लोग परेशान हो रहे हैं।
सुप्रिया सुले के पोस्ट पर एयर इंडिया ने सफाई देते हुए लिखा कि मैम, हम मानते हैं कि देरी बहुत परेशान करने वाली हो सकती है। हालांकि कई बार संचालन संबंधी मुद्दों की वजह से देरी हो जाती है, जिनकी वजह से उड़ानों को फिर से शेड्यूल करना पड़ता है, लेकिन ये हमारे बस में नहीं हैं। आपकी मुंबई जाने वाली उड़ान एक घंटा देरी से उड़ी, उसकी वजह भी ऐसी ही एक समस्या थी।