महाराष्ट्र के सांगली में पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, दो मजदूर गंभीर रूप से घायल.
सांगली। महाराष्ट्र के सांगली जिले के खानापुर तालुका के भालवणी गांव में एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका हो गया। इस दुर्घटना में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास के गांवों के घरों के कांच में दरारें पड़ गईं।
बताया जाता है कि यह विस्फोट आतिशबाजी के निर्माण के दौरान हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि लोगों ने दो किलोमीटर दूर तक आवाजें सुनीं। आसपास खड़ी गाड़ियों के कांच भी चटक गए। इस हादसे में आफताब मंसूर मुल्ला और अमीन मुल्ला गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विस्फोट के बाद फैक्ट्री में आग लग गई, जिस पर काफी मशक्कत के बाद काबू पाया गया।