मुर्शिदाबाद में टीएमसी से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने रख दी बाबरी मस्जिद की नींव, कहा-कोई ताकत रोक नहीं सकती.
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में शनिवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के निलंबित विधायक हुमांयू कबीर ने अयोध्या की बाबरी मस्जिद की तर्ज पर एक नई मस्जिद की नींव रखी। मुर्शिदाबाद जिले के रेजिनगर में इस मस्जिद की आधारशिला रखी गई है. हुमांयू कबीर ने मस्जिद की आधारशिला कार्यक्रम के मंच पर मौलवियों के साथ समारोह का फीता काटा।
हुमांयू कबीर को हाल ही में टीएमसी से निलंबित कर दिया गया था, क्योंकि पार्टी ने इसे सांप्रदायिक राजनीति से जुड़ा मामला बताया था। कबीर ने इस महीने की शुरुआत में स्थापना समारोह का एलान किया था, जिससे राजनीतिक आलोचना शुरू हो गई थी और राज्य प्रशासन को सुरक्षा बढ़ानी पड़ी थी। आधारशिला रखने के समारोह के लिए कबीर ने 6 दिसंबर का दिन चुना, जो अयोध्या की बाबरी मस्जिद के विध्वंस की वर्षगांठ है। कबीर ने कहा कि कोई भी ताकत इसे रोक नहीं सकती। हम कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेशों का पालन करेंगे।
यह समारोह दोपहर करीब 12 बजे कुरान पाठ के बाद शुरू हुआ, जिसमें हजारों लोग जमा हुए। लोग सैकड़ों किलोमीटर की दूरी तय कर इस मस्जिद निर्माण के फाउंडेशन समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचे। शिलान्यास समारोह में मौजूद जनसमूह को संबोधित करते हुए हुमायूं कबीर ने कहा कि मालदा, मुर्शिदाबाद और दक्षिण 24 परगना के लोग बाबरी मस्जिद के निर्माण में योगदान देंग। मेरे पास मस्जिद बनाने के लिए 25 बीघा जमीन है, लेकिन स्थानीय प्रशासन हमें रोक रहा है। हमें सरकारी धन की जरूरत नहीं होगी। मैं उस व्यक्ति का नाम नहीं लूंगा, जिसने हमें मस्जिद बनाने के लिए 80 करोड़ रुपये देने पर सहमति जताई है। मैं सरकार से एक रुपया भी नहीं लूंगा।