भारत–ब्राजील रिश्तों को नई गति: पीएम मोदी और राष्ट्रपति लूला की फोन पर अहम बातचीत.
भारत–ब्राजील रिश्तों को नई गति: पीएम मोदी और राष्ट्रपति लूला की फोन पर अहम बातचीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा के बीच फोन पर महत्वपूर्ण बातचीत हुई, जिसमें दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।राष्ट्रपति लूला ने बताया कि बातचीत के दौरान 19 से 21 फरवरी के बीच नई दिल्ली में प्रस्तावित उनकी राजकीय यात्रा और द्विपक्षीय एजेंडे पर विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने इस यात्रा के दौरान होने वाले ब्राजील–भारत बिजनेस फोरम के महत्व को रेखांकित किया और नई दिल्ली में ब्राजील के शीर्ष आधिकारिक कार्यालय के उद्घाटन की जानकारी भी दी।
दोनों नेताओं ने वैश्विक हालात पर भी अपने विचार साझा किए और गाजा सहित दुनिया में शांति, बहुपक्षवाद और लोकतंत्र के समर्थन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत–ब्राजील रणनीतिक साझेदारी आने वाले वर्षों में नई ऊँचाइयों तक पहुँचने के लिए तैयार है। उन्होंने जोर दिया कि ग्लोबल साउथ के साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए दोनों देशों के बीच करीबी सहयोग बेहद अहम है।
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति लूला की भारत यात्रा को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि वे उनका स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं। उल्लेखनीय है कि भारत और ब्राजील दोनों ही ब्रिक्स के सदस्य हैं और इस वर्ष इसकी अध्यक्षता भारत कर रहा है।