ईरान पर अमेरिकी हमलों को लेकर चिंतित हुए गुटेरेस, कहा- यह अंतरराष्ट्रीय शांति के लिए सीधा खतरा.
ईरान पर अमेरिकी हमलों को लेकर चिंतित हुए गुटेरेस, कहा- यह अंतरराष्ट्रीय शांति के लिए सीधा खतरा
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिका द्वारा किए गए हवाई हमलों पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर बयान जारी करते हुए कहा कि यह कार्रवाई एक बेहद नाज़ुक क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा सकती है।

गुटेरेस ने लिखा, "मैं आज ईरान के ख़िलाफ अमेरिका की ओर से की गई सैन्य कार्रवाई को लेकर बहुत चिंतित हूं। यह कदम उस इलाके में तनाव और बढ़ा सकता है, जो पहले ही काफ़ी नाज़ुक हालात में है और ये अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए सीधा खतरा है।"
उन्होंने आगाह किया कि यह संघर्ष नियंत्रण से बाहर जा सकता है, जिससे आम नागरिकों, पूरे क्षेत्र और दुनिया को भारी नुकसान पहुंच सकता है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने यूएन के सदस्य देशों से अपील की है कि वे हालात को बिगड़ने से रोकने के लिए आगे आएं और यूएन चार्टर व अंतरराष्ट्रीय क़ानून का पालन सुनिश्चित करें।
गुटेरेस ने स्पष्ट कहा, इस संकट का कोई सैन्य समाधान नहीं है। कूटनीति ही आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है और शांति एकमात्र उम्मीद है।
उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब पश्चिम एशिया में हालात तेजी से गंभीर होते जा रहे हैं।